सड़क बनवाने को पूर्व पार्षद का अनोखा प्रदर्शन:कीचड़ में लोटकर मेट्रो के खिलाफ किया प्रदर्शन, दूध-फूल चढ़ाकर मांगी मन्नत

सड़क बनवाने को पूर्व पार्षद का अनोखा प्रदर्शन:कीचड़ में लोटकर मेट्रो के खिलाफ किया प्रदर्शन, दूध-फूल चढ़ाकर मांगी मन्नत

कानपुर के जूही में पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने शनिवार को मेट्रो के खिलाफ अनूठे ढंग से प्रदर्शन करके सड़क बनवाने की मांग की है। मेट्रो के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने के साथ ही कीचड़ में लोटकर विरोध प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं दूध और फूल चढ़कार सड़क बनवाने की मन्नत भी मांगी। इस दौरान उनके साथ में इलाके के लोग भी रहे। पूर्व पार्षद की मानें तो मेट्रो की लापरवाही के चलते दो साल से सड़क खुदी है, कई बार मेट्रो प्रशासन से आग्रह करने के बाद भी काम नहीं हो रहा और रोजाना लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। खराब सड़क से कारोबार प्रभावित और रोजाना हो रहे हादसे कानपुर जूही वार्ड-14 के पूर्व पार्षद व मौजूदा समय में पार्षद शालू कनौजिया के पति सुनील कनौजिया ने शनिवार को मेट्रो के चलते खुदी सड़क बनवाने के लिए कीचड़ में लेटकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि जुही हमीरपुर रोड पर मेट्रो निर्माण के चलते दो साल खुदी पड़ी है। मेट्रो का काम पूरा होने के बाद भी मेट्रो की लापरवाही के चलते सड़क निर्माण नहीं कराया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता के साथ श्याम पैलेस के पास टूटी सड़क पर दंडवत और जमीन में जलभराव में लोटकर प्रदर्शन किया तथा प्रतीकात्मक रूप से दूध, फूल चढ़ा कर मैट्रो प्रशासन की मनौती कर सड़क निर्माण की मांग की। इस दौरान सुनील कनौजिया ने कहा कि मेट्रो ने लगातार जुही में अव्यवस्थाएं फैला रखी है। सड़क खुदी होने के चलते रोजाना हादसे हो रहे और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं सीवर और वाटर लाइन भी गलत डालने का आरोप लगाया। सुनील कनौजिया ने कहा कि जलकल महाप्रबंधक से मांग करते हुए कहा कि कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन से बारादेवी चौराहे तक सीवर और पानी का जो डायवर्जन किया है, उसको जलकल और जल निगम के पुराने नक्शे के साथ मिलान कर जांच कराने की मांग की है। मेट्रो कॉर्पोरेशन अगर 48 घंटे में सड़क सुधार नहीं करते हैं तो मैट्रो आफिस में अधिकारियों की यहां के व्यापारी और जनता के साथ घी गुड़ से पूजा की जायेगी। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजेश शाहू, लक्ष्मी ,केसा देवी, राजकुमार गुप्ता, बबलू गुप्ता, संदीप गौतम, हिमांशु त्रिवेदी, पूरन यादव, अविनाश सिंह, रौनक गौतम व रामायण यादव आदि लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *