पंजाब में हाल ही में संपन्न हुए 8 नगर निगमों के आम चुनावों के बाद अब मेयरों की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्थानीय निकाय विभाग, पंजाब के ने जालंधर, फिरोजपुर, पटियाला, रूपनगर और फरीदकोट के डिवीजनल कमिश्नरों को एक आधिकारिक पत्र जारी कर मेयर पदों के आरक्षण की स्थिति साफ कर दी है। मोगा में मेयर पद को बीसी के लिए आरक्षित रखा गया है जबकि अन्य सात नगर निगमों में मेयर पदों पर किसी तरह का आरक्षण नहीं होगा। जल्दी ही इन नगर निगमों में मेयर का चुनाव कर दिया जाएगा। खास बात है कि इस बार सरकार ने किसी भी नगर निगम में महिलाओं के लिए मेयर पद आरक्षित नहीं रखा है। पंजाब सरकार के ‘द पंजाब रिजर्वेशन फॉर द ऑफिसेज ऑफ मेयर्स ऑफ म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन रूल्स, 2017’ के तहत निर्धारित रोस्टर पॉइंट के मुताबिक नगर निगम मोगा के मेयर का पद “पिछड़े वर्ग” के सदस्यों के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा बाकी बचे 7 नगर निगमों अबोहर, बटाला, बरनाला, बठिंडा, कपूरथला, पठानकोट और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के मेयर पद सामान्य श्रेणी के होंगे। जल्द बुलाई जाएगी बैठक, नए सदस्य लेंगे शपथ सरकार ने डिवीजनल कमिश्नरों को हिदायत दी गई है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली नगर निगमों के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के चुनाव के लिए नियमों के मुताबिक बैठक आयोजित करें। सरकार ने ने स्पष्ट किया है कि सबसे पहले चुनाव जीतकर आए नए सदस्यों (पार्षदों) को पद की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के बाद मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पंजाब के 8 नगर निगमों की पार्टी वाइज स्थिति जानिए… 1. आम आदमी पार्टी (AAP) को इन 5 निगमों में पूर्ण बहुमत मिला: आम आदमी पार्टी ने बरनाला में 36 सीटें, बठिंडा में 35 सीटें, बटाला में 30 सीटें, मोगा में 30 सीटें और मोहाली में 27 सीटें जीती और इन पांचों नगर निगमों में बहुमत हासिल किया। आप इन पांचों निगमों में अपना मेयर बनाएगी। 2. भारतीय जनता पार्टी (BJP) को इस 1 निगम में पूर्ण बहुमत मिला भारतीय जनता पार्टी को अबोहर (फाजिल्का) नगर निगम में 50 में से 28 सीटें मिली। भाजपा अब यहां अपना मेयर बनाएगी। वहीं पठानकोट में पार्टी को सबसे ज्यादा 22 सीटें मिली जो कि बहुमत से 4 सीटें कम है। 3. कांग्रेस (INC) को इस 1 निगम में पूर्ण बहुमत मिला कांग्रेस को कपूरथला नगर निगम चुनाव में 50 में से 31 सीटें मिली। कांग्रेस यहां अपना मेयर चुनेगी। विधायक राणा गुरजीत कपूरथला में कांग्रेस की लाज बचाने में कामयाब हो सके।


