डीग जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए एक बुजुर्ग व्यक्ति की जेब से 10 हजार रुपए चोरी हो गए। वारदात के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ गए हैं। जानकारी के मुताबिक जिले के पालका गांव निवासी जगदीश शर्मा (73) अपनी खराब तबीयत के कारण उपचार के लिए जिला अस्पताल डीग पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने पर्ची काउंटर से चिकित्सकीय परामर्श के लिए पर्चा बनवाया और फिर डॉक्टर गजेंद्र पाल सिंह को दिखाने गए। शर्मा के अनुसार उनकी पैंट की पिछली जेब में 10 हजार रुपए रखे थे। डॉक्टर को दिखाने के दौरान जब उन्होंने अपनी जेब जांची, तो रुपए गायब मिले। उन्होंने काफी तलाश की और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन नकदी नहीं मिली। उन्हें आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब काट ली। पीड़ित ने बताया कि उनकी चार बेटियां डीग में रहती हैं और वे अक्सर इलाज के लिए इसी जिला अस्पताल आते रहते हैं। इस बार भी तबीयत खराब होने पर वे डॉक्टर को दिखाने पहुंचे थे। इस जेबकटी की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल में पहले भी जेबकटी की कई वारदातें हो चुकी हैं। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, जिससे परिसर में काफी भीड़ रहती है। ऐसे में जेबकतरों के सक्रिय होने की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


