बूंदी जिले की इंद्रगढ़ थाना पुलिस ने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 1000 रुपए का इनाम घोषित था। उसे शुक्रवार देर शाम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह मामला 22 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था। नाबालिग पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मेडिकल जांच के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वृत्ताधिकारी लाखेरी नरेंद्र नागर ने जांच शुरू की थी। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 1000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी नरेंद्र नागर के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण का उपयोग किया और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी को देर शाम न्यायालय में पेश किया गया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी सुरजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बृजेन्द्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल वीरेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल संदीप और आसूचना अधिकारी कॉन्स्टेबल सुरजीत शामिल थे। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि वांछित, इनामी और फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।


