तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो, बाइक को टक्कर मारी:एक युवक की मौत, चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग समेत 6 लोग घायल; 4 हायर सेंटर रेफर

तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कॉर्पियो, बाइक को टक्कर मारी:एक युवक की मौत, चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग समेत 6 लोग घायल; 4 हायर सेंटर रेफर

धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-123 पर उमरारा गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो, बाइक और चारपाई को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी श्रद्धालु खाटू श्याम के दर्शन कर स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। उन्होंने उमरारा गांव के पास अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। उसी दौरान एक बाइक सवार युवक भी वहां रुका हुआ था, जबकि पास ही एक बुजुर्ग चारपाई पर सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धौलपुर की ओर से तेज गति से आ रहा एक ट्रेलर सामने चल रही पिकअप को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो, बाइक और चारपाई को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर हड़कंप मच गया। हादसे में बाइक सवार प्रेम प्रधान कुशवाह (24) पुत्र राजेंद्र कुशवाह, निवासी विक्रमपुर की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो में सवार अमित कुमार (26), प्रदीप कुमार (36), हरेंद्र कुमार (35), प्रिया गुप्ता (35) और चार वर्षीय मासूम मिस्टी घायल हो गए। इसके अतिरिक्त चारपाई पर सो रहे बच्चू सिंह (80) भी इस हादसे में घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और ट्रेलर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *