मकरोनिया स्थित राम दरबार में राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की भावना से संचालित अखंड धुनी में गृहस्थ संत केशव गिरी महाराज ने विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने 1100 बिल्व फलों के माध्यम से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष आहुतियां अर्पित कीं। अनुष्ठान का उद्देश्य राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना करना रहा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता करते हुए यज्ञ एवं पूजन में भाग लिया। संत गिरी महाराज ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर समाज में सद्भाव और कल्याण की भावना को मजबूत करते हैं।


