होशियारपुर में करीब 15 दिन से लापता एक 15 वर्षीय किशोरी का अर्धजला शव बरामद किया गया है। उसकी हत्या करके शव को जलाने का प्रयास किया गया। एक युवक से पूछताछ के आधार पर यह शव बीत क्षेत्र के गांव खुरालगढ़ साहिब की सीमा में गढ़ी मानसोवाल जाने वाली सड़क के निकट जंगल से मिला। मृतका की पहचान नवांशहर निवासी राधिका पुत्री ऊषा रानी के रूप में हुई है। वह 20 मई से लापता थी। इस संबंध में थाना सिटी नवांशहर में गुमशुदगी का मामला दर्ज था। परिजनों ने एक युवक के ऊपर शक जताया था। जिसको हिरासत में लिया गया था। 20 मई को अचानक घर से लापता हो गया थी किशोरी मृतका की मां ऊषा रानी, जो नगर परिषद राहों में सेवादार हैं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी बेटी राधिका 20 मई को घर पर अकेली थी। जब वह दोपहर में घर लौटीं, तो राधिका गायब मिली। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हिरासत में लिए युवक से पूछताछ में मिला शव का ठिकाना थाना सिटी नवांशहर के एसएचओ अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात शव को कब्जे में लेकर नवांशहर भेज दिया। पुलिस ने मां द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। इससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर किशोरी का अर्धजला शव खुरालगढ़ साहिब के जंगल से बरामद किया गया। पुलिस ने जाडली निवासी गुरबिंदर सिंह उर्फ गोपा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या करके शव अटैची में बंद कर जंगल में जलाया प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव को एक बड़े अटैची केस में बंद कर जंगल में ले जाकर आग लगा दी थी। हालांकि, हत्या किस प्रकार की गई, शव को वहां तक किस वाहन से पहुंचाया गया और इस घटना में और कौन-कौन शामिल था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है।


