मंत्रीमंडल विस्तार पर CM बोले-आगे-आगे देखिए होता है क्या:बिलासपुर में समीक्षा बैठक 10 मिनट में खत्म, कहा-राजस्व मामलों में न हो देरी

मंत्रीमंडल विस्तार पर CM बोले-आगे-आगे देखिए होता है क्या:बिलासपुर में समीक्षा बैठक 10 मिनट में खत्म, कहा-राजस्व मामलों में न हो देरी

बिलासपुर में आयोजित सुशासन तिहार के बीच गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अफसरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और विकास की कई घोषणाएं भी की। तीन घंटे तक चलने वाली उनकी समीक्षा बैठक महज 10 मिनट चली। मुख्यमंत्री ने संभाग के अधिकारियों को राजस्व मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामले दो-तीन साल तक लंबित नहीं रहने चाहिए। सीएम ने मंत्रीमंडल विस्तार को लेकर कहा कि आगे-आगे देखिए होता है क्या। NSUI कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हारने से बौखला गई है। उनका आपस में इतना सर फुटौव्वल हो रहा है कि आपस में भी लड़ने-भिड़ने में व्यस्त हैं। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। हमारी सरकार लगातार बेहतर काम कर रही है, इसलिए कांग्रेसी बेवजह आरोप लगा रहे हैं। 120 करोड़ की एजुकेशन सिटी में मिलेगी कोचिंग सुशासन तिहार के दौरान सीएम विष्णदेव साय ने दयालबंद के मधुबन में 120 करोड़ रुपए की लागत से बन रही एजुकेशन सिटी का निरीक्षण किया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उन्हें बताया कि 26 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 13 एकड़ में विकसित हो रही इस परियोजना में 500 सीटर नालंदा परिसर, डिजिटल लाइब्रेरी, हॉस्टल, कोचिंग ब्लॉक और स्किल डेवलपमेंट सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम से एजुकेशन सिटी का पूरा ब्लूप्रिंट पेश किया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए कोचिंग, प्रशिक्षण और अध्ययन की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी। रायपुर में मीटिंग इसलिए 10 मिनट की समीक्षा बैठक रायपुर में दूसरी बैठक में शामिल होने के कारण मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट के मंथन सभाकक्ष में करीब 10 मिनट ही रुके। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर, जीपीएम, मुंगेली, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व मामलों के लंबित रहने से आम लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। इसलिए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा। बैठक में मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता करने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के दौरान पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की। भाजपा सरकार में गड़बड़ी होने पर एक्शन सीएम साय ने नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर कहा कोई भी समस्या आती है या फिर कोई अपराध होता है तो भाजपा की सरकार सख्ती से जांच कराती है। अपराध सिद्ध होने पर कार्रवाई भी की जाती है। किसी को बख्शा नहीं जाता है। इस मामले में भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उपचुनाव में भाजपा की जीत उन्होंने नगरीय निकाय उपचुनाव के परिणामों पर कहा कि 1 जून को हुए मतदान के बाद गुरुवार को मतगणना के बाद रिजल्ट आया है। इसमें भाजपा के तीन नगर पंचायत अध्यक्ष ने जीत हासिल की है। प्रदेश के पांच नगर पंचायत में चुनाव हुए थे। इस जीत के लिए देव दुर्लभ कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों को उन्होंने बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कुछ जगह पर कांग्रेस के पार्षद जीते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *