केंद्रीय रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह शुक्रवार से तीन दिवसीय दौरे पर राजधानी में रहेंगे। 5 से 7 जून तक प्रस्तावित इस दौरे में वह विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ ही शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रबुद्ध नागरिकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात करेंगे भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, रक्षा मंत्री शुक्रवार सुबह 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह हिंद नगर स्थित स्वर्गीय अशोक मोतियानी, कृष्णा नगर में स्वर्गीय दर्शन लाल और कैंट क्षेत्र की बड़ी लाल कुर्ती में रूपा देवी के आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे और संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। विश्व पर्यावरण दिवस पर करेंगे पौधरोपण दोपहर 12:15 बजे राजनाथ सिंह कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास पहुंचेंगे और फिर कालिदास मार्ग स्थित आवास जाएंगे। रामकथा महोत्सव में होंगे शामिल शाम 4 बजे रक्षामंत्री दिलकुशा लॉन में आयोजित “बायोयुग ग्रीन कमांड” कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 5:25 बजे सीतापुर रोड स्थित सेवा अस्पताल परिसर में आयोजित राम कथा महोत्सव में शामिल होंगे, जहां जगद्गुरु रामभद्राचार्य के श्रीमुख से चल रही कथा में सहभागिता करेंगे। 6 और 7 जून को संवाद कार्यक्रमों में रहेंगे व्यस्त 6 जून को राजनाथ सिंह गोमतीनगर और निराला नगर में विभिन्न परिवारों से मुलाकात करेंगे। शाम को हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में पश्चिम मंडल-2 के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, 7 जून को आलमबाग स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट में कैंट मंडल-1 के प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य लोगों से संवाद करने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।


