नगर आयुक्त अजय जैन ने स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) विभाग की समीक्षा बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और कूड़ा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने वाली फर्मों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने सभी नालों की शत-प्रतिशत तली झाड़ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों की पूरी तरह सफाई होनी चाहिए ताकि जलभराव की समस्या न हो। इसके साथ ही नालों पर लगे स्लैबों के नीचे जमा सिल्ट और कूड़े को बांस की सहायता से निकालने के भी निर्देश दिए गए। कूड़ा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (जीटीएस) तक पहुंचने वाली कूड़ा गाड़ियों की संख्या और वहां पहुंचने वाले कूड़े की मात्रा पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जीटीएस पर पहुंचने वाली सभी गाड़ियों की वेट स्कैनिंग और कैमरे के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे कूड़ा परिवहन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। नालों की सफाई की प्रगति पर असंतोष जताते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्माणाधीन सभी नालों को बरसात शुरू होने से पहले मुख्य प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कार्य कर रही विभिन्न फर्मों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जेएस एनवायरमेंट फर्म द्वारा संचालित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, रात्रिकालीन सफाई और स्वीपिंग मशीन से सफाई कार्य की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में लापरवाही बरतने वाले ड्राइवरों और हेल्परों को तत्काल कार्य से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही वीटीएमएस प्रणाली के माध्यम से सभी वार्डों के निर्धारित रूटों को पूरी तरह कवर करने के निर्देश भी दिए गए। एमआरएफ सेंटरों के संचालन में कमियां पाए जाने पर देवेश ट्रेडिंग कंपनी को भी चेतावनी दी गई और व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में फ्रेश वेस्ट के निस्तारण कार्य की समीक्षा के दौरान हेराइजन सॉल्यूशन फर्म की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। फ्रेश वेस्ट निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर नगर आयुक्त ने फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फर्म को नगर निगम में ब्लैकलिस्ट करने तथा उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही अपर नगर आयुक्त को उक्त फर्म को हटाकर नई एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने एसबीएम के अंतर्गत कार्यरत सभी फर्मों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


