राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ लगातार चौथे दिन कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी राकेश को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई “ऑपरेशन मदमनीरा” के तहत की गई। आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि जोधपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा घोषित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी राकेश को उज्जैन से दबोच लिया गया। जांच में सामने आया है कि राकेश पिछले करीब 10 वर्षों से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ था। मध्यप्रदेश में डोडा-पोस्त की दुकान पर काम करने के दौरान उसका संपर्क मारवाड़ क्षेत्र के तस्करों से हुआ और बाद में वह बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बन गया। आरोपी पिछले तीन साल से फरार चल रहा था। एएनटीएफ अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में मध्यप्रदेश से राजस्थान तक फैले मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं। गौरतलब है कि एएनटीएफ लगातार विभिन्न राज्यों में अभियान चलाकर वांछित अपराधियों की धरपकड़ कर रही है। इससे एक दिन पहले टीम ने झारखंड निवासी वांछित अपराधी अंकित को गिरफ्तार किया था। लगातार चौथे दिन हुई इस कार्रवाई ने नशा तस्करों के खिलाफ एएनटीएफ के अभियान को और मजबूती दी है।


