संभल में तूफान के साथ तेज बारिश, ओले गिरे:पारा 5 डिग्री लुढ़का, सड़कों पर जलभराव; AQI 109 पहुंचा, 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी

संभल में तूफान के साथ तेज बारिश, ओले गिरे:पारा 5 डिग्री लुढ़का, सड़कों पर जलभराव; AQI 109 पहुंचा, 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी

संभल में गुरुवार शाम तेज हवाओं के साथ 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई और ओले गिरे। इससे तीन दिन से पड़ रही गर्मी से राहत मिली और तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शाम 05:10 बजे शुरू हुई बारिश से पहले 04:30 बजे आसमान में काले बादल छा गए थे और 05 बजे से आंधी चलने लगी थी। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। संभल शहर में 4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पांच मिनट तक ओले भी गिरे। यह बारिश मुख्य रूप से संभल शहर तक ही सीमित रही। बहजोई, चंदौसी, बबराला और गुन्नौर जैसे जनपद के अन्य हिस्सों में केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए संभल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। बारिश से पहले गुरुवार को जनपद संभल का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश के बाद यह घटकर 34 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रात में इसमें 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट की उम्मीद है। दिन में 234 तक पहुंचा वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी घटकर 109 पर आ गया। बारिश के कारण संभल शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया, हालांकि यह 15 मिनट के भीतर ही खत्म हो गया। नालियों में पानी एक घंटे तक भरा रहा। इस दौरान कुछ बच्चे बारिश में नहाते हुए भी नजर आए। स्थानीय निवासी सुनील कुमार ने बताया कि तेज तूफान के साथ अच्छी बारिश हुई और ओले भी गिरे, जिससे उन्हें अपनी दुकान के शटर बंद करने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 जून से मानसून की दस्तक होने की उम्मीद है। लगातार हो रही बारिश से किसान खुश हैं क्योंकि बिजली की ट्रिपिंग की वजह से सिंचाई नहीं हो पा रही थी। आपको बता दें कि पिछले चार दिन में कुल 20 मिलीमीटर और आज गुरुवार को 4 मिलीमीटर बारिश हुई है। बीते गुरुवार को आंधी के साथ 6 मिलीमीटर बारिश हुई, शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ 5 मिलीमीटर बारिश हुई, शनिवार को आंधी के साथ 3 मिलीमीटर बारिश और रविवार को तेज हवाओं के साथ 6 मिलीमीटर बारिश हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *