केंद्र सरकार के 12 साल पूरे:फिरोजाबाद में 5 से 21 जून तक कार्यक्रम; प्रभारी मंत्री बोले- यह भारत का स्वर्णिम काल

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे:फिरोजाबाद में 5 से 21 जून तक कार्यक्रम; प्रभारी मंत्री बोले- यह भारत का स्वर्णिम काल

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में फिरोजाबाद जनपद में 5 जून से 21 जून तक “सेवा, सुशासन और सम्मान” अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की। प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के लिए सेवा, सुशासन, संस्कार और सम्मान के रहे हैं। इस दौरान देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने इस अवधि को भारत का “स्वर्णिम काल” बताते हुए सभी कार्यक्रमों को भव्यता और दिव्यता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” वृक्षारोपण अभियान से होगी। इसके तहत अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जाएगा। 8 से 14 जून तक एक विशेष जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके बाद, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। 16 और 17 जून को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, शिक्षक, उद्यमी और विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे तथा सरकार की उपलब्धियों पर व्याख्यान देंगे। 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव और प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जागरूक किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा। प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि योग आज भारत की विश्व को सबसे बड़ी देन है और इसे 200 से अधिक देशों ने अपनाया है। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर समाजवादी पार्टी नेता एसटी हसन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रामभद्राचार्य पद्मविभूषण से सम्मानित विद्वान हैं और 22 भाषाओं के ज्ञाता हैं। ऐसे व्यक्तित्व पर की गई टिप्पणी को उन्होंने “दिमागी दिवालियापन” बताया। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर समाजवादी पार्टी के सवालों पर मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था आज देश ही नहीं, दुनिया में उदाहरण के रूप में प्रस्तुत की जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निवेशक सबसे पहले उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहते हैं, जो बेहतर कानून व्यवस्था का परिणाम है। बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *