सागर में लोहे के पाइप और रॉड से पीट-पीटकर की गई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मां और उसके तीन बेटे शामिल हैं, जिनमें एक नाबालिग है। वारदात में शामिल एक आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम अतुल जडिया उम्र 40 साल निवासी भोपाल अपने ननिहाल रविशंकर वार्ड में घर के पास था। इसी दौरान मामा, मामी और ममेरे भाइयों ने हमला कर दिया। उन्होंने पाइप-रॉड से बेरहमी से मारपीट की। विवाद होते देख आसपास के लोग बचाने के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बीएमसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान अतुल जडिया की मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। आरोपियों की तलाश करते हुए देव सोनी, दिव्यांश सोनी, तनु और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। वारदात में शामिल आरोपी अमित सोनी फरार है। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि संपत्ति के विवाद में हुई हत्या के चार आरोपी गिरफ्तार किए है। थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।


