Suchitra Krishnamoorthi react on Aamir Khan wedding: बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर जबरदस्त चर्चा में बने हुए हैं। खबर है कि 61 साल की उम्र में एक बार फिर आमिर खान दूल्हा बनने जा रहे हैं। वह गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट संग 5 जुलाई को तीसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव पर आकर दोबारा घर बसाने के आमिर के इस फैसले ने जहां सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी है, वहीं अब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से भी इस पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। हाल ही में मशहूर एक्ट्रेस और सिंगर सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने आमिर खान की तीसरी शादी की खबरों पर बड़ा बयान दिया है।
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने दिया आमिर की शादी पर बयान (Suchitra Krishnamoorthi react on Aamir Khan wedding)
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने एक इंटरव्यू के दौरान आमिर खान और गौरी स्प्रैट को अपनी शुभकामनाएं दीं। आमिर के फैसले को साहसी बताते हुए सुचित्रा ने कहा, “मेरी तरफ से आमिर खान को बहुत-बहुत बधाई। वह वाकई बेहद बहादुर इंसान हैं जिन्होंने जिंदगी के इस मोड़ पर आकर एक बार फिर अपने दिल के दरवाजे खोल दिए। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि दोबारा से किसी पर भरोसा करना और दिल खोलकर प्यार करना एक बेहद खूबसूरत बात है। यह एक वरदान की तरह है। मैं कामना करती हूं कि उनकी आने वाली शादीशुदा जिंदगी में उन्हें ढेर सारी खुशियां और सफलता मिले।”
तलाकशुदा सिंगर सुचित्रा ने अपनी शादी पर की बात (Bollywood marriage trends and options)
मशहूर फिल्ममेकर शेखर कपूर से तलाक लेने के बाद सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने कभी दूसरी शादी नहीं की और वह अपनी सिंगल लाइफ का खुलकर आनंद ले रही हैं। मॉर्डन जमाने के रिश्तों और शादियों पर अपनी बेबाक राय रखते हुए सुचित्रा ने कहा, “आज के दौर में शादी करना कोई मजबूरी या जरूरत नहीं रह गया है, बल्कि यह इंसान की अपनी मर्जी और एक ऑप्शन (Option) बन चुका है। लोग मुझसे अक्सर पूछते हैं कि मैं आज तक अकेली क्यों हूं? मैं उन्हें हंसकर जवाब देती हूं कि मैंने तो अपनी कला (Art) से शादी कर ली है।”
उन्होंने अपनी जिंदगी के अकेलेपन को कला से जोड़ते हुए कहा, “कभी-कभी मेरी यह कला बहुत जहरीली हो जाती है, कभी आर्थिक रूप से अस्थिर, तो कभी पूरी तरह से अकल्पनीय। मुझे लगता है कि कोई भी आम जीवनसाथी मेरी इस कला और मिजाज के साथ आसानी से तालमेल नहीं बिठा पाएगा।”

शादी से पहले पार्टनर के परिवार को समझना है जरूरी (Suchitra Krishnamoorthi marriage Shekhar Kapoor divorce)
सुचित्रा ने आगे कहा कि जब तक कोई व्यक्ति अंदर से पूरी तरह सुलझा हुआ नहीं होता, तब तक वह किसी दूसरे के साथ रिश्ता नहीं निभा सकता। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा, “शादी का फैसला तभी लेना चाहिए जब आप सामने वाले के साथ जीवन के हर बदलाव को अपनाने के लिए मानसिक रूप से तैयार हों। सिर्फ इतना ही नहीं, शादी करने से पहले आपको उस इंसान के साथ-साथ उसके पूरे परिवार को भी अच्छी तरह समझ लेना चाहिए, क्योंकि ज्यादातर मामलों में परिवारों के बीच के आपसी झगड़े ही पति-पत्नी के खूबसूरत रिश्ते में मुश्किलें खड़ी कर देते हैं।”
बता दें कि सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने साल 1999 में खुद से 30 साल बड़े फिल्म निर्माता शेखर कपूर से शादी की थी। शादी के बाद दोनों की एक बेटी हुई, लेकिन आपसी मतभेदों के चलते शादी के महज 8 साल बाद यानी साल 2007 में दोनों का तलाक हो गया था। तब से सुचित्रा अकेली ही अपनी बेटी की परवरिश कर रही हैं।


