Pali News: कलक्टर ने पेंशन शुरू कराने के दिए निर्देश, अन्नदाता कहते हुए बुजुर्ग महिला ने पकड़े पैर

पाली। ‘आप कौन हो…?’ जवाब मिला, ‘अणै हुजै कौनी, टाबर-टुबर है कौनी, आज तीजी वार पेंशन खातर आया। पेंशन बंद वैगी है…’ यह बात नया गांव क्षेत्र की रहने वाली वृद्ध टीपू देवी और उनके पति हड़मान ने जिला कलक्टर से नगर निगम की सीढ़ियां चढ़ते समय कही। जब कलक्टर ने अधिकारियों को उनकी पेंशन तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए तो महिला “अन्नदाता” कहते हुए उनके पैरों में गिर पड़ी। कलक्टर ने उन्हें उठाया और उनके साथ सीढ़ियों से नीचे उतरे।

यह वीडियो भी देखें

इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने महिला से पूछा, “आपको पता है, ये कौन थे?” इस पर वह बोली, “नहीं, कुण था? वै तो म्हनै पूछियों कठऊ आया, तो मैं कियौ नया गांव रा हो।” जब उनसे पूछा गया कि आपका काम हो गया तो उन्होंने कहा, “ठा कौनी, कै कोम करे हैं।” निगम कार्यालय में पाली जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी बुधवार को पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग दम्पती को सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा। दोनों जन आधार सत्यापन के लिए पहली मंजिल पर जा रहे थे। इस पर कलक्टर ने जन आधार सत्यापन का कार्य नीचे स्थित कक्ष में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीवरेज समस्या से संबंधित कक्ष और कार्य को ऊपर के तल पर स्थानांतरित करने को कहा।

व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश

कलक्टर ने सिंगल विंडो व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो पर झाड़ू-सफाई, मृत पशु उठाने, स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतों सहित अन्य समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की जाए। इसके बाद अब सिंगल विंडो पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सेवाओं के साथ चार अन्य सेवाएं भी जोड़ दी गई हैं। इससे आमजन को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कक्षों में नहीं जाना पड़ेगा और एक ही स्थान पर कई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इनका कहना है

वृद्ध महिला की पेंशन संबंधी कार्यवाही निगम स्तर पर पूरी कर दस्तावेज उपखण्ड अधिकारी कार्यालय भेज दिए गए हैं। वहां उपखण्ड अधिकारी से उनका कार्य शीघ्र करने का आग्रह भी किया गया है। नगर निगम के सिंगल विंडो काउंटर पर अब चार नई सेवाएं जोड़ दी गई हैं। वहां रैंप की सुविधा उपलब्ध होने से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को काफी राहत मिलेगी।

  • नवीन भारद्वाज, आयुक्त, नगर निगम, पाली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *