रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में सुशासन तिहार 2026 के तहत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में नौवां जनसमस्या निवारण शिविर 5 जून, शुक्रवार को रायपुर ग्रामीण और रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक-10 में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर देवपुरी गुरुद्वारा (धर्मशाला), कमल विहार (कौशल्या विहार) गेट के पास लगाया जाएगा। शिविर में आम नागरिकों से उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक आवेदक को उनके आवेदन की स्थिति और निराकरण की जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाएगी। इन विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम जनता तक सीधे पहुंचाना है। शिविर में रायपुर नगर निगम के अलावा राजस्व, विद्युत, खाद्य, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम विभाग सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े विभाग मौजूद रहेंगे। 7 वार्डों के रहवासी दर्ज करा सकेंगे समस्या नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जोन-10 के वार्ड क्रमांक 49, 50, 52, 53, 54, 55 और 56 के नागरिक इस शिविर में अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित जोन कमिश्नर को नोडल अधिकारी बनाया गया है।


