पिता की मौत, तीन दिन बाद बेटे ने फांसी लगाई:दतिया में परिजनों से कहता था- पिता नहीं रहे तो मैं जीकर क्या करूंगा

पिता की मौत, तीन दिन बाद बेटे ने फांसी लगाई:दतिया में परिजनों से कहता था- पिता नहीं रहे तो मैं जीकर क्या करूंगा

दतिया में पिता की मौत का सदमा एक बेटे के लिए इतना गहरा साबित हुआ कि वह उसे सहन नहीं कर सका। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पचोखरा में 85 वर्षीय पिता के निधन के महज तीन दिन बाद उनके पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पचोखरा गांव निवासी धर्म सिंह कुशवाहा ने गांव के बाहर खेत पर बनी कच्ची झोपड़ी में रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। गुरुवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी लगी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र विनोद कुशवाहा ने बताया कि, उनके दादा तुलाराम कुशवाहा (85) का बीमारी के चलते सोमवार को निधन हो गया था। पिता धर्म सिंह अपने पिता से बेहद लगाव रखते थे और उनके निधन के बाद से लगातार गहरे दुख में थे। परिजनों के अनुसार वे बार-बार कहते थे कि “जब पिता नहीं रहे तो अब जीकर क्या करेंगे।” परिवार और रिश्तेदारों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सदमे से उबर नहीं सके। बताया गया है कि बुधवार रात धर्म सिंह घर पर भोजन करने के बाद खेत पर स्थित झोपड़ी में सोने के लिए गए थे। गुरुवार सुबह जब उनका पुत्र उन्हें बुलाने पहुंचा तो वे फंदे पर लटके मिले। ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि हरकिशन कुशवाह ने बताया कि धर्म सिंह मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। पिता की मृत्यु के बाद वे लगातार मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहे थे। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने पिता के वियोग को सहन नहीं कर पाए। इंदरगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *