चंदौली जिले की सैयदराजा थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की है, जिनकी कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी ने 14 मई की रात ढेढ़वां गांव में एक मकान में चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस टीम ने बुधवार देर शाम नरहन कला बाजार के पास जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की नथुनी और दो जोड़ी पायल बरामद हुए। इसके अलावा कुछ नकदी भी मिली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 14 मई की रात सैयदराजा थानाक्षेत्र के ढेढ़वां गांव में रामगणेश पांडेय के मकान में घुसकर चोरी की थी। वह चोरी किए गए आभूषणों को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। रामगणेश पांडेय ने अगले दिन पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी बहू की अलमारी तोड़कर बड़े पैमाने पर आभूषण और नकदी चुरा ली थी। इस कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, दरोगा मारकण्डेय सिंह, अनिल यादव और अभिषेक मिश्रा शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


