मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 4 जून को बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बंधवापारा तालाब परिसर स्थित ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अलग-अलग योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित करेंगे और आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा वे शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे और कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी विभाग के अफसरों को अलर्ट किया है। खासकर राजस्व विभाग के अफसरों को सभी जानकारी और लंबित कार्यों के निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि सुशासन तिहार के दौरान सीएम साय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। सरकारी योजनाओं में लापरवाही और काम में कोताही बरतने वाले अफसरों पर कार्रवाई भी की जा रही है। बंधवापारा के शिविर में होंगे शामिल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 4 बजे हेलिकॉप्टर से एसईसीएल हेलिपेड पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन तिहार में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित करेंगे और जनसंवाद भी करेंगे। शहर के साथ जिले में बिजली विभाग की मनमानी सीएम साय के दौरे को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी बिजली विभाग के अफसरों को हो सकती है, क्योंकि गांव से लेकर शहर तक सबसे ज्यादा परेशानी बिजली विभाग से है। हर साल मेंटेनेंस के बाद भी बिजली विभाग की समस्या जस की तस बनी हुई है। इस बार भीषण गर्मी में बिजली ने लोगों को ज्यादा ही परेशान कर दिया है। गांव ही नहीं शहर में बिजली बंद होने का कोई टाइम नहीं है। ऐसे में सीएम साय के सामने बिजली की समस्या को लेकर शिकायतें मिल सकती है। विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे सीएम साय इस दौरान सीएम साय निर्माणाधीन एजुकेशन हब और नालंदा परिसर का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री शहर में निर्माणाधीन एजुकेशन हब का भी जायजा लेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को विकसित किया जा रहा है। बता दें कि मधुबन क्षेत्र में 13 एकड़ भूमि पर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत से एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जहां एकेडमिक ब्लॉक सहित अलग-अलग शैक्षणिक सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है। 500 सीटों वाली नालंदा लाइब्रेरी बन रही बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जीएम (टेक्निकल) एसपी साहू के अनुसार प्रथम चरण में 11.42 करोड़ रुपए की लागत से 500 सीटों वाली नालंदा परिसर लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। इस आधुनिक लाइब्रेरी में पब्लिक लाइब्रेरी, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-लर्निंग जोन, विशाल रीडिंग हॉल, किड्स रीडिंग एरिया, कैफेटेरिया और लिफ्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। तीन एकेडमिक ब्लॉक में बनेंगे 48 हाल एजुकेशन सिटी परियोजना के तहत तीन एकेडमिक ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनमें से दो ब्लॉकों का निर्माण लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से जारी है, जबकि तीसरा ब्लॉक स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित है। प्रत्येक एकेडमिक ब्लॉक में 16-16 हाल बनाए जाएंगे। इस प्रकार कुल 48 हालों में कोचिंग सेंटर, स्किल डेवलपमेंट, ट्रेनिंग प्रोग्राम, सेमिनार और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में लेंगे समीक्षा बैठक सुशासन तिहार कार्यक्रम और परियोजनाओं के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में अलग-अलग विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।


