भिवानी के तोशाम बाईपास पर ट्रक व ट्रैक्टर का एक्सडेंट होने का मामला सामने आया है। हादसा उस समय हुआ जब किसान ट्रैक्टर में डीजल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक ने टक्कर मार दी और इस हादसे में 6 बच्चों के पिता की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। रोहतक के गांव ककराना निवासी विकास ने बीटीएम पुलिस चौकी में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उसके मामा भिवानी के लोहड़ बाजार निवासी करीब 44 वर्षीय महेंद्र खेतीबाड़ी करते हैं। जो शाम को करीब 5 बजे तोशाम बाईपास स्थित पेट्रोल पंप से डीजल डलवाने के लिए गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिसके कारण ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और उसके मामा महेंद्र को गंभीर चोटें आई। जिसे उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 6 बच्चों के पिता थे महेंद्र सिंह
उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह घर में अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे, जिनके पिता का भी निधन हो चुका है। वहीं वे 6 बच्चों (पांच बेटियों व एक बेटे) के पिता थे। खेतीबाड़ी करके पूरे परिवार का गुजारा चला रहे थे। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी और ट्रक चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।


