फतेहाबाद पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन मदनलाल के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज (गुरुवार) को मीटिंग होगी। यह मीटिंग लघु सचिवालय में एडीसी अनुराग ढालिया की अध्यक्षता में होगी। मीटिंग में सदस्य वाइस चेयरमैन की कुर्सी का फैसला करेंगे। बता दें कि, पहले कुछ सदस्यों ने चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा की कुर्सी छीनने का प्रयास किया था, लेकिन पार्टी संगठन के हस्तक्षेप के बाद उनकी कुर्सी बच गई थी। अब वाइस चेयरमैन के खिलाफ असंतोष जताते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। 29 सदस्य करेंगे फैसला फतेहाबाद पंचायत समिति में चेयरपर्सन समेत 29 सदस्य हैं। इन सभी को इस मीटिंग में शामिल होने के लिए लेटर भेज दिया गया है। वाइस चेयरमैन को अपनी कुर्सी बचाने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। एडीसी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, हरियाणा पंचायती राज अधिनियम-1994 की धारा 62 और पंचायती राज नियमावली 1995 के तहत यह मीटिंग बुलाई गई है। जनवरी 2023 में दुड़ाराम ने सर्वसम्मति से दिलाई थी कुर्सी जनवरी 2023 में तत्कालीन विधायक दुड़ाराम के समर्थन से फतेहाबाद पंचायत समिति के चेयरपर्सन व वाइस चेयरमैन सर्वसम्मति से चुने गए थे। तब वार्ड नंबर 14 से सदस्य पूजा अजय चराईपौत्रा को चेयरपर्सन और वार्ड नंबर 30 से सदस्य मदनलाल को वाइस चेयरमैन बनाया गया था। दुड़ाराम के नेतृत्व में 30 में से 29 सदस्य एकजुट हुए थे। विशेष बात यह है कि उस समय प्रदेश में बीजेपी के साथ जेजेपी गठबंधन में थी। तब जेजेपी नेताओं ने अपना चेयरपर्सन बनाने के लिए भी जोर लगाया था। मगर दुड़ाराम ने अपने समर्थक सदस्यों से सर्वसम्मति बनवा दी थी।


