मध्य प्रदेश के ग्वालियर में CAF जवान ने अपनी पत्नी को बेल्ट से पीटा और सिर दीवार पर पटका। इसके बाद गर्म प्रेस से दोनों हाथों और पीठ को कई जगह दाग दिया। गंभीर रूप से घायल महिला अगले दिन किसी तरह मायके पहुंची। पुलिस से शिकायत के बाद आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया। माधौगंज पुलिस के मुताबिक, पीड़िता पूजा परिहार (30) निवासी बिजौली, ग्वालियर की शादी राजेंद्र परिहार उर्फ राजू से हुई है। राजेंद्र 13वीं बटालियन के सी-12 क्वार्टर नंबर 501 में रहता है और एसएएफ (विशेष सशस्त्र बल) जवान के पद पर तैनात है। पुलिस के अनुसार घटना 2 जून की रात की है। पूजा रोजाना की तरह खाना खाने के बाद करीब 11:30 बजे घर के नीचे बने पार्क में टहलने गई थी। रात करीब 12:10 बजे पति राजेंद्र का फोन आया और उसने तुरंत घर लौटने के लिए कहा। घर पहुंचते ही शुरू हुई बेरहमी आरोप है कि घर पहुंचते ही राजेंद्र ने पूजा से पूछताछ शुरू कर दी। उसने आरोप लगाया कि वह पार्क में छिपकर किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी। पूजा ने इनकार किया तो वह गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर बेल्ट, लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से पिटाई कर दी। बाल पकड़कर दीवार से टकराया सिर मारपीट के दौरान आरोपी पति ने पत्नी के बाल पकड़कर उसका सिर पूरी ताकत से दीवार पर दे मारा। इससे बाईं आंख के पास गंभीर सूजन आ गई और नाक-मुंह से खून बहने लगा। माथे, पेट और पैरों में भी गंभीर चोटें आईं। महिला दर्द से कराहती रही, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। गर्म प्रेस से दागा शरीर मारपीट के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने कपड़े प्रेस करने वाली आयरन चालू की। गर्म होने पर पत्नी को जमीन पर गिराकर दोनों हाथों और पीठ पर कई बार दाग दिया। महिला दर्द से चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने उसकी एक नहीं सुनी। रातभर कमरे में रखा बंधक पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे रातभर घायल और जली हुई हालत में कमरे में बंद रखा। साथ ही धमकी दी कि पुलिस में शिकायत करने पर उसे जान से मार देगा। डर और दर्द के बीच महिला पूरी रात घर में ही रही। सुबह ड्यूटी पर गया तो मायके पहुंची बुधवार सुबह राजेंद्र के ड्यूटी पर जाने के बाद पूजा किसी तरह मायके बिजौली पहुंची। वहां उसने मां और भाई को चोट और जलने के निशान दिखाए। परिजन उसे लेकर माधौगंज थाने पहुंचे, जहां उसने पूरी घटना पुलिस को बताई। मेडिकल में चोट और जलने की पुष्टि पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में शरीर पर गंभीर चोटों और गर्म प्रेस से जलने के निशान मिले। मेडिकल रिपोर्ट में मारपीट और जलाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी जवान गिरफ्तार सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति राजेंद्र परिहार के खिलाफ केस दर्ज किया गया। घरेलू हिंसा, गंभीर मारपीट, गर्म प्रेस से जलाने और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी एसएएफ जवान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


