राजगढ़ में बुधवार शाम उज्जैन और ओंकारेश्वर दर्शन कर राजस्थान लौट रहे एक परिवार की कार पर पत्थरबाजी का मामला सामने आया है। एनएच-52 पर ऑटो और कार की टक्कर के बाद ऑटो चालक ने अपने भाई के साथ बाइक से कार का पीछा किया। आरोप है कि कुंडकिया नाले के पास चलती कार पर पत्थर फेंका गया, जिससे कार का अगला शीशा टूट गया। कार में दंपती और उनकी तीन बेटियां सवार थीं। घटना के बाद हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। दर्शन कर लौट रहा था परिवार राजस्थान निवासी राजेश खंडेलवाल अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ अर्टिगा कार क्रमांक RJ-40-UA-1517 से राजस्थान लौट रहे थे। कार को चालक दुष्यंत मीणा चला रहा था। राजगढ़ से करीब तीन किलोमीटर पहले चौकी ढाणी के पास एनएच-52 पर कार और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। ऑटो चालक बोला- टक्कर मारकर भाग रहा था कार सवार ऑटो चालक आत्माराम तंवर निवासी किशनपुरिया ने बताया कि कार ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी थी। उसने कार सवारों से राजगढ़ थाने चलने के लिए कहा, लेकिन वे वहां से निकल गए। इसके बाद वह अपने भाई के साथ बाइक से कार के पीछे गया। उसका आरोप है कि काफी दूर तक पीछा करने के बाद भी कार नहीं रुकी, तो पत्थर फेंककर उसे रुकवाया गया। कार सवारों ने लगाया पीछा कर हमला करने का आरोप वहीं कार सवार राजेश खंडेलवाल का कहना है कि हादसे के बाद दोनों वाहनों को नुकसान हुआ था। कुछ देर रुकने के बाद वे राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। आरोप है कि ऑटो चालक अपने दो साथियों के साथ उनका पीछा करते हुए आया और चलती कार पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगने से कार का अगला शीशा टूट गया। चालक ने जैसे-तैसे कार को नियंत्रित किया। उन्होंने बताया कि उस समय कार में पूरा परिवार बैठा था और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


