करनाल के कुंजपुरा बस स्टैंड स्थित एक एटीएम में देर रात चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना में एटीएम मशीन और कैमरा क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें आरोपी की पहचान की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात 11:52 बजे एटीएम में घुसा आरोपी
गांव नलवी खुर्द निवासी पंकज कुमार ने बताया कि उसने कुंजपुरा बस स्टैंड पर हिताची कंपनी का एटीएम लगाया हुआ है। 07 मई की रात 23:52 बजे एक व्यक्ति एटीएम के अंदर घुसा और चोरी करने का प्रयास किया। इस दौरान उसने मशीन और कैमरे को नुकसान पहुंचाया। सीसीटीवी और फोटो में साफ दिखा आरोपी
शिकायतकर्ता के अनुसार पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। उसके पास वारदात की रिकॉर्डिंग और फोटो मौजूद हैं, जिनमें आरोपी की साफ पहचान हो रही है। आरोपी की पहचान कुंजपुरा निवासी अंकित के रूप में की गई है। थाने से 400 मीटर दूरी पर वारदात
पंकज कुमार ने बताया कि यह एटीएम कुंजपुरा थाना से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद उसने अपने स्तर पर भी आरोपी का नाम-पता पता करने की कोशिश की और फिर पुलिस को शिकायत दी। 02 जून को केस दर्ज, जांच शुरू
02 जून को पंकज कुमार ने थाना कुंजपुरा पहुंचकर शिकायत दी। इस पर एसआई सुल्तान ने आरोपी अंकित निवासी कुंजपुरा के खिलाफ एटीएम में घुसकर चोरी का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।


