फ्लाइट के टॉयलेट का सीवेज लीक होकर कैबिन में फैला, टर्किश एयरलाइंस के विमान का टेकऑफ रुका

फ्लाइट के टॉयलेट का सीवेज लीक होकर कैबिन में फैला, टर्किश एयरलाइंस के विमान का टेकऑफ रुका

अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टर्किश एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उडान में गंभीर तकनीकी गडबडी सामने आई। इस्तांबुल जा रही इस फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले टॉयलेट सिस्टम खराब हो गया, जिससे केबिन के भीतर सीवेज और मलमूत्र फैल गया। घटना शनिवार को उस समय हुई जब विमान रनवे पर टैक्सी कर रहा था। यात्रियों ने पहले तेज बदबू और गीले फर्श की शिकायत की, लेकिन कुछ ही देर बाद हालात और बिगड गए। टॉयलेट कम्पार्टमेंट से भूरा गंदा पानी केबिन में बहने लगा, जिसके बाद पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोककर विमान को वापस टर्मिनल गेट पर ले जाने का फैसला किया।

लगातार शिकायत के बाद भी क्रू ने शिकायत नहीं सुनी

घटना के दौरान विमान में मौजूद कई यात्रियों ने बताया कि शुरुआत में बदबू को सामान्य तकनीकी समस्या माना गया था। ग्रीनवुड विलेज निवासी फरहांग भरूचा अपने परिवार के साथ उसी हिस्से में बैठे थे जहां से बदबू आ रही थी। उनके अनुसार यात्रियों ने क्रू मेंबर्स को लगातार शिकायत दी, लेकिन स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया गया। कुछ देर बाद टॉयलेट सिस्टम से गंदा पानी और मलमूत्र केबिन के फर्श पर फैलने लगा। इसके बाद यात्रियों में घबराहट फैल गई और पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए उडान रोक दी। विमान के गेट पर लौटते ही पूरी फ्लाइट रद्द कर दी गई।

एयरलाइन ने फ्लाइट रद्द होने पर यात्रियों की व्यवस्था नहीं की

उडान रद्द होने के बाद सैकडों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने होटल और वैकल्पिक उडान की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की। उन्हें खुद होटल बुक करने को कहा गया और बाद में खर्च लौटाने का आश्वासन दिया गया। भरूचा ने दावा किया कि टर्किश एयरलाइंस के एक अधिकारी ने इस घटना को एक्ट ऑफ गॉड बताया, जो आमतौर पर प्राकृतिक आपदा या युद्ध जैसी परिस्थितियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यात्रियों ने एयरलाइन पर जिम्मेदारी से बचने और घटना को छिपाने का आरोप लगाया। अब तक टर्किश एयरलाइंस ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

यूनाइटेड एयरलाइंस में भी चर्चा में

इसी सप्ताह यूनाइटेड एयरलाइंस की स्पेन जा रही एक अन्य फ्लाइट भी सुरक्षा कारणों से चर्चा में रही। बोइंग 767 विमान को बीच रास्ते से वापस लौटना पडा क्योंकि किसी यात्री ने अपने ब्लूटूथ डिवाइस का नाम BOMB सेट कर दिया था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की। विमान में करीब 190 यात्री और 12 क्रू सदस्य मौजूद थे। लैंडिंग के बाद ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (TSA) और कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (CBP) अधिकारियों ने दोबारा सुरक्षा जांच की, जिसके बाद उडान को फिर से रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *