महिला के पेट में तौलिया छोड़ा, मौत हुई:4 दिन बाद भी अस्पताल पर नहीं हुआ एक्शन, डॉक्टर पर भी नहीं हुई कार्रवाई

शामली के आनंद अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला के पेट में तौलिया छोड़ने का मामला सामने आया है। इस लापरवाही के कारण महिला की मेरठ के एक अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर अस्पताल और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह घटना शामली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र की सिटी स्थित सलेक विहार कॉलोनी के आनंद अस्पताल की है। थाना भवन थाना क्षेत्र के उस्मानपुर निवासी छत्रपाल ने अपनी पत्नी रितिका को डिलीवरी के लिए इस अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरतते हुए रितिका के पेट में तौलिया छोड़ दिया था। इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवार रितिका को दूसरे ऑपरेशन के लिए मेरठ के एक अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड के बाद ऑपरेशन करते हुए वीडियोग्राफी के माध्यम से इस लापरवाही का पर्दाफाश किया। डॉक्टर के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई महिला की मौत के बाद परिजनों ने घटना का वीडियो वायरल किया और आरोपी डॉक्टरों व अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों की तहरीर पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने घटना के 4 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक अस्पताल और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। अस्पताल अभी भी सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। इस मामले में जब शामली के सीएमओ अनिल कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *