बिजनौर में रिक्शा चालक एसोसिएशन के बैनर तले दर्जनों रिक्शा चालकों ने अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर रोडवेज बस स्टैंड पर रिक्शा स्टैंड को पुनः स्थापित करने की मांग की। रिक्शा चालकों ने ज्ञापन में बताया कि वे शहर में सवारी ढोकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका रिक्शा स्टैंड वर्षों से रोडवेज बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर स्थित था। हाल ही में हुए सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने आश्वासन दिया था कि काम पूरा होने के बाद स्टैंड को फिर से स्थापित किया जाएगा। चालकों के अनुसार, सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन उनका रिक्शा स्टैंड बहाल नहीं किया गया है। इसके बजाय, वहां विदुर स्टॉल लगा दिया गया है, जिसे हटाने की मांग की गई है। इस स्थिति के कारण उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से इस समस्या का तत्काल समाधान करते हुए रोडवेज बस स्टैंड पर रिक्शा स्टैंड को पुनः स्थापित कराने की मांग की। इस अवसर पर नीरज चौधरी, नेमपाल सिंह, आसिफ, अरविंद कुमार, गुलशोर, साजिद, नौशाद, अशरफ, गुलशेर और मोहम्मद आफाक सहित दर्जनों रिक्शा चालक मौजूद रहे।


