झज्जर जिले के डीघल गांव में खून का बदला खून:साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड का बदला, चचेरे भाई ने जेल काट रहे योगी के चाचा की ली जान

झज्जर जिले के डीघल गांव में खून का बदला खून:साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड का बदला, चचेरे भाई ने जेल काट रहे योगी के चाचा की ली जान

झज्जर जिले के डीघल गांव में देर रात हुई जितेंद्र की हत्या को पुलिस और ग्रामीण दो महीने पहले हुए चर्चित साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड से जोड़कर देख रहे हैं। आरोप है कि साहिल उर्फ सोनू की हत्या का बदला लेने के लिए उसके चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गांव में 8 अप्रैल को हुए साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला दिया था। साहिल की गांव की एक बैठक में ताश खेलते समय स्कॉर्पियो सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक पक्ष की ओर से कई लोगों के नाम सामने आए थे और आरोपी पक्ष से जुड़े योगेश उर्फ योगी फिलहाल जेल में बंद है। अब उसी हत्याकांड की रंजिश में एक और जान चली गई। आरोप है कि देर रात अमन उर्फ बंटी अपने साथियों के साथ गांव निवासी जितेंद्र के घर पहुंचा। जितेंद्र उस समय सो रहा था। हमलावरों ने घर में घुसकर उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पैरों से दिव्यांग बताया जा रहा है। पहले ही दे दी थी बदला लेने की चेतावनी मृतक के भाई सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अमन उर्फ बंटी पहले ही उनके परिवार को अपने भाई की हत्या का बदला लेने की धमकी दे चुका था। परिवार को आशंका थी कि किसी भी समय हमला हो सकता है। अब धमकी के कुछ दिन बाद ही हत्या की वारदात होने से पूरे मामले में बदले की भावना साफ नजर आ रही है। जेल में बंद आरोपी के चाचा को बनाया निशाना ग्रामीणों के अनुसार, साहिल हत्याकांड में नामजद और जेल में बंद योगेश उर्फ योगी के चाचा जितेंद्र को निशाना बनाया गया। माना जा रहा है कि साहिल की हत्या का बदला लेने के लिए परिवार के सदस्य को टारगेट किया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एक हत्याकांड का बदला दूसरे हत्याकांड से डीघल गांव में लगातार सामने आ रही खूनी रंजिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले साहिल उर्फ सोनू की हत्या हुई, अब उसके बदले में जितेंद्र की जान ले ली गई। गांव में चर्चा है कि आपसी दुश्मनी और बदले की आग में परिवार दर परिवार तबाह होते जा रहे हैं। पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला पुलिस ने मृतक के भाई सोमबीर की शिकायत पर अमन उर्फ बंटी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *