टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर अब आईपीएल कंपनी के खाद का रैक पॉइंट स्थापित किया गया है। बुधवार को यहां 2672 मीट्रिक टन आईपीएल खाद पहुंचा। इस दौरान कलेक्टर विवेक श्रोतिय और तहसीलदार सत्येंद्र गुर्जर अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। कलेक्टर श्रोतिय ने बताया कि पहले आईपीएल खाद का रैक पॉइंट हरपालपुर और दमोह में था। वहां से टीकमगढ़ तक खाद लाने में अतिरिक्त समय, ईंधन और पैसा खर्च होता था। इस व्यवस्था के कारण किसानों को खाद मिलने में देरी होती थी। इस समस्या से सीएमको अवगत कराया गया था। सीएम के निर्देश पर पहली बार आईपीएल खाद सीधे टीकमगढ़ पहुंचा है। इससे किसानों को अब समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी और उनकी परेशानी कम होगी। किसानों को खाद के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान कलेक्टर ने यह भी बताया कि पिछले साल खाद वितरण के दौरान यह देखा गया था कि टीकमगढ़ में अच्छा रेलवे रैक पॉइंट होने के बावजूद केवल एनएफएल कंपनी का खाद ही उतरता था। आईपीएल कंपनी का उर्वरक दमोह और हरपालपुर में अनलोड होकर ट्रकों से टीकमगढ़ के गोदामों और सोसायटियों तक पहुंचता था। किसानों के हित को प्राथमिकता देते हुए सीएम के निर्देश पर टीकमगढ़ में आईपीएल कंपनी के रैक की सीधी आवाजाही शुरू हो गई है। पहले रैक में आए 2672 मीट्रिक टन खाद को गोदामों और सोसायटियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार खरीफ और रबी दोनों सीजन में किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े।


