अवैध खनन का वीडियो बनाने पर पत्रकार को धमकी:पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो पर मुकदमा दर्ज किया, पुलिस जांच में जुटी

अवैध खनन का वीडियो बनाने पर पत्रकार को धमकी:पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो पर मुकदमा दर्ज किया, पुलिस जांच में जुटी

इटावा में जसवंतनगर क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों का वीडियो बनाकर अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाना एक स्थानीय अखबार के पत्रकार को भारी पड़ गया। वीडियो बनाने से नाराज बताए जा रहे एक नामजद आरोपी और उसके साथी ने युवक को जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगला नरिया निवासी पत्रकार प्रदीप यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 27 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे शिवा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद जवाहरपुरा निवासी प्रीतम पुत्र सर्वेश कुमार ने अवैध खनन की वीडियो बनाने को लेकर उनसे अभद्रता की। प्रदीप का आरोप है कि खनन माफिया प्रीतम ने दोबारा वीडियो बनाने पर ट्रक से कुचल देने और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने दावा किया कि घटना पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों के सामने हुई और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी पूरी वारदात कैद है। शिकायत के अनुसार, घटना के कुछ समय बाद जब वह जसवंतनगर लौट रहे थे, तब तहसील के पास आरोपी अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिला। आरोप है कि दोनों ने उनकी बाइक रुकवाई, गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। भयभीत होकर वह किसी तरह वहां से निकल सके। मामले से जुड़ी एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि रिकॉर्डिंग में आरोपी प्रशासनिक अधिकारियों और खनन विभाग को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता सुनाई दे रहा है। हालांकि, ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और इसकी जांच पुलिस द्वारा की जानी बाकी है। प्रदीप यादव ने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और उससे जुड़े प्रभावशाली लोगों की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *