सुल्तानपुर के धनपतगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और छेड़छाड़ के विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक गांव और आरडीह क्षेत्र में हुई इस भिड़ंत के दौरान डायल 112 पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन कथित तौर पर तमाशबीन बनी रही और वीडियो बनाती रही, जबकि लाठी-डंडे और लात-घूंसे चलते रहे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। थानाक्षेत्र के एक बाजार की रहने वाली पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि आरडीह निवासी अमित अग्रहरी पिछले 2-3 महीनों से उसे स्कूल और कोचिंग आते-जाते समय फोन पर बात करने और अनैतिक बातें मनवाने का दबाव बना रहा था। परिजनों द्वारा विरोध करने पर 1 जून की दोपहर अमित अग्रहरी ने अपने 15 साथियों के साथ मिलकर उसके पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दी। उसी शाम जब पीड़िता के परिजन रास्ते से जा रहे थे, तब अमित, शिवम, बबलू उर्फ जगदीश प्रसाद, लल्लन, शनि और गोलू समेत अन्य लोगों ने लाठी, घूंसा, कुल्हाड़ी, हॉकी और फरसे से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता के भाई के सिर और आंख के ऊपर गंभीर चोटें आईं। वहीं, आरडीह निवासी अमित कुमार (पुत्र दुर्गा प्रसाद अग्रहरी) द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में घटना का अलग विवरण है। अमित का आरोप है कि 1 जून को जब वह रायबरेली नौकरी पर जा रहा था, तब रास्ते में ऋषि अग्रहरी का फोन आया और उसे धमकी दी गई। अमित के मुताबिक, जब वह किसी तरह अपने घर पहुंचा, तो गौतम प्रसाद, साधूराम, जितेन्द्र, रजत, बुद्धू, जोखु राम, सुरेश (पुतुल), नरसिंह, राजेश, सरजू और शुभम सहित कई अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पर धावा बोल दिया।


