बिजनेस में घाटा होने पर युवक ने दी जान:इकलौते बेटे की मौत से परिवार में छाया मातम, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का काम करता था युवक

बिजनेस में घाटा होने पर युवक ने दी जान:इकलौते बेटे की मौत से परिवार में छाया मातम, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का काम करता था युवक

बरेली के सुभाषनगर में एक युवक ने बिजनेस में भारी नुकसान के चलते आत्महत्या कर ली। युवक सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का काम करता था और काफी समय से डिप्रेशन में था। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बहन ने कमरे में देखा भाई का शव
सुभाषनगर के कालीचरण मार्ग पर सोमवार को 21 वर्षीय कौशल कुमार ने सुसाइड कर लिया। उसका शव घर की पहली मंजिल पर स्थित एक बंद कमरे में दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। जिस समय कौशल ने यह कदम उठाया, उस वक्त उसके माता-पिता थाने गए हुए थे और घर पर केवल उसकी छोटी बहन मौजूद थी। काफी देर तक कौशल के नीचे न आने पर जब बहन ने ऊपर जाकर देखा, तो भाई को फांसी पर लटका देख उसकी चीख निकल गई। बिजनेस में नुकसान से था परेशान
बहन ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे थाने से घर पहुंचे। युवक के पिता ने बताया कि उनके बेटे को एक मोबाइल मिला था, जिसके संबंध में पुलिस ने पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया था। कौशल अपने बिजनेस में हुए नुकसान को लेकर काफी परेशान रहता था और आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने यह जानलेवा कदम उठाया। पिता का टूटा सपना
कौशल के पिता मनोज कुमार का कहना है कि बेटा उनका सहारा था। वह सीसीटीवी इंस्टॉलेशन का काम कर परिवार की मदद करता था। उन्होंने सोचा था कि धूमधाम से उसकी शादी करेंगे, लेकिन अब उन्हें अपने बेटे की अर्थी को कंधा देना पड़ रहा है। उन्होंने बिलखते हुए कहा कि जिसे कभी उंगली पकड़कर चलना सिखाया था, आज उसकी अर्थी को कंधा देना उनके लिए असहनीय है। उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, क्षेत्र में कौशल के प्रेम प्रसंग का मामला भी चर्चा में है, बताया जा रहा है कि गर्लफ्रेंड से किसी विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया, हालांकि कौशल के पिता ने इस बात से इनकार किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *