बुरहानपुर में मंगलवार को AIMIM सहित कई मुस्लिम संगठनों और समाज के लोगों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव को सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में AIMIM के जिला अध्यक्ष एडवोकेट जहीर उद्दीन शेख, मुस्लिम विकास परिषद के सदस्य और कुछ पार्षद भी शामिल थे। इन संगठनों ने गाय को राष्ट्रीय पशु के साथ-साथ ‘राष्ट्रीय माता’ घोषित करने की भी मांग की है। AIMIM के जिला अध्यक्ष एडवोकेट जहीर उद्दीन शेख ने बताया कि आजादी के बाद से ही साधु-संत लगातार गाय को राष्ट्रीय पशु और माता घोषित करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसे अब तक अनदेखा किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों ने हिंदुओं की भावनाओं और साधु-संतों की मांग का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया है। शेख ने आगे कहा कि पिछले कुछ समय से कुछ लोग इसका राजनीतिक लाभ उठा रहे हैं, जिससे मुस्लिम, दलित और आदिवासियों की मॉब लिंचिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, ऐसी घटनाओं से बार-बार तनाव बढ़ता है और कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, जो एक स्वस्थ राष्ट्र के लिए हानिकारक है। डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के लिए कुछ संगठन आए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को उचित कार्रवाई के लिए आगे भेजा जाएगा।


