फतेहाबाद की सदर थाना पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव भूथन कलां निवासी हंसराज के रूप में हुई।
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि गांव भूथन कलां निवासी मान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने गांव भूथन कलां में लगभग 7 एकड़ भूमि खरीदी हुई है। 17 मई को वह खेत में बुवाई करवाने के बाद ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया और जमीन संबंधी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की। लाठियों से हमला कर पहुंचाई चोट शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने लाठियों से हमला कर उसे चोटें पहुंचाईं। वहीं आरोपी हंसराज ने तलवार लहराते हुए दोबारा खेत में आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर राहगीरों ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने पर उसके बयान दर्ज किए गए। विभिन्न धाराओं के तहत किया था केस दर्ज एसएचओ ने बताया कि इस संबंध में सदर थाना फतेहाबाद में 18 मई को बीएनएस की धारा 191(2), 190, 115(2), 126(2) व 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हंसराज को काबू कर लिया। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की संलिप्तता की जांच जारी है।


