रूस ने यूक्रेन को दहलाया, हवाई हमलों में 10 लोगों की हुई मौत और 100 से ज़्यादा घायल

रूस ने यूक्रेन को दहलाया, हवाई हमलों में 10 लोगों की हुई मौत और 100 से ज़्यादा घायल

रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) 4 साल से ज़्यादा समय बीतने के बावजूद जारी है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के आदेश पर उनकी सेना ने 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन को घेरते हुए उस पर हमला कर दिया। युद्ध के दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाकों पर कब्ज़ा भी कर लिया है। आए दिन ही रूसी सेना यूक्रेन पर हमले करती रहती है और अब एक बार फिर ऐसा ही देखने को मिला है। रूसी सेना ने सोमवार को देर रात से मंगलवार को तड़के सुबह तक यूक्रेन की राजधानी कीव (Kyiv) पर ताबड़तोड़ हमले किए।

रूस ने कीव को दहलाया

रूस ने ताबड़तोड़ हमले करते हुए यूक्रेन की राजधानी कीव को दहला दिया। रूसी सेना ने कीव में कई जगह हवाई हमले किए, जिनसे हाहाकार मच गया। ड्रोन्स और मिसाइलों की बारिश से कीव में तबाही मच गई और जान-माल का भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा रूसी सेना ने डिनिप्रो (Dnipro) और दूसरे कई शहरों में भी हवाई हमले किए। रूसी हमलों में 10 लोग मारे गए। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

100 से ज़्यादा लोग घायल

रूसी हमलों में यूक्रेन के 100 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीँ अधिकारियों ने अभी भी कई लोगों के मलबे के नीचे ही दबे होने की आशंका जताई है। ऐसे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

आवासीय और वाणिज्यिक बुनियादी ढांचे को पहुंचा नुकसान

रूसी हमलों में कीव समेत अन्य शहरों में आवासीय और वाणिज्यिक बुनियादी ढांचे को नुकसान भी पहुंचा। कई जगह आग लग गई, घरों-इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा।

जल्द खत्म होगा युद्ध?

कुछ दिन पहले ही रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने संकेत दिया था कि दोनों देशों के बीच जल्द ही युद्ध खत्म हो सकता है। पुतिन ने कोई तय टाइमलाइन दिए बिना कहा कि युद्धक्षेत्र की स्थिति के विश्लेषण के आधार पर जल्द ही युद्ध खत्म हो सकता है, क्योंकि रूसी सेनाएं सभी दिशाओं में आगे बढ़ रही हैं और यह हर दिन देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *