Team India ODI Series Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) की खिताबी जीत के साथ हुआ। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में विराट कोहली (Virat Kohli) ने खिताबी मुकाबले में शानदार पारी खेली और टीम को दूसरी बार जीत दिलाई। दूसरी ओर रोहित शर्मा की टीम प्लेऑफ से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। अब भारतीय क्रिकेट फैंस को इन दोनों दिग्गजों का बेसब्री से इंतजार है कि कब वह भारतीय टीम की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे।
5 वनडे सीरीज का शेड्यूल
तो चलिए हम आपको बताते हैं कि ICC Cricket World Cup 2027 से पहले भारतीय टीम को पांच वनडे सीरीज खेलनी हैं, जो अब तक कंफर्म हैं और जिनके शेड्यूल की घोषणा हो चुकी है। सबसे पहली सीरीज घर पर अफगानिस्तान के साथ खेली जाएगी। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड रवाना होगी। फिर सितंबर के आखिर में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के साथ अपने घर पर खेलना है। वहीं श्रीलंका भी भारतीय दौरे पर आएगी। उसके बाद जनवरी की शुरुआत में भारतीय टीम को जिम्बाब्वे के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।
सिर्फ वनडे खेलते हुए रोहित-विराट
आपको बता दें कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में अब तक 15 मैचों के शेड्यूल की घोषणा हुई है, जिसमें टीम इंडिया को पांच देशों के खिलाफ सीरीज खेलनी है।
रोहित शर्मा और विराट कोहली सबसे पहले 13, 17 और 20 जून को खेले जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं। इसके बाद वह जुलाई में 14, 16 और 19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर नजर आएंगे। इसके बाद सितंबर में 27 और 30 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला करना है, जबकि आखिरी मैच 3 अक्टूबर को होगा।
श्रीलंका के साथ भारतीय टीम को 13, 16 और 19 दिसंबर को तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जबकि जनवरी में 3, 6 और 9 जनवरी को भारतीय टीम को जिम्बाब्वे के साथ मुकाबला करना है।







