रोहतक में इनेलो के विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला द्वारा एसपी-डीसी के साथ किए गए अभद्र व्यवहार की हरियाणा आईपीएस एसोसिएशन ने कड़े शब्दों में निंदा की। हालांकि अभी तक एसपी की तरफ से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन एसोसिएशन इस मामले को लेकर मैदान में कूद पड़ी है। विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला ने पहले डीसी सचिन गुप्ता के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाने का काम किया। वहीं, जब एसपी गौरव राजपुरोहित ने इसका विरोध किया तो विधायक अर्जुन चौटाला भड़क गए और एसपी से ही उलझ गए। तु तड़ाक होने के बाद अर्जुन चौटाला ने जाते-जाते एसपी को गाली तक दे डाली। सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई अर्जुन चौटाला की हरकत
एसपी गौरव व विधायक अर्जुन चौटाला के बीच हुई बहस व गाली देने वाली वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। इस पूरे घटनाक्रम के बारे में पता लगने के बाद देर रात को हरियाणा आईपीएस एसोसिएशन ने ट्विटर पर पोस्ट डालते हुए अपनी आपत्ति जताई और जिला प्रशासन के साथ खड़े होने की बात कही। पोस्ट में हरियाणा IPS एसोसिएशन ने यह लिखा
हरियाणा IPS एसोसिएशन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि रोहतक में हाल ही में हुई घटना, जिसमें एक जन प्रतिनिधि ने बिना किसी उकसावे के जिला प्रशासन को धमकाने की कोशिश की, वह बेहद निंदनीय है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। हरियाणा आईपीएस एसोसिएशन जन प्रतिनिधि के इस व्यवहार की घोर निंदा करता है। एसोसिएशन जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मजबूती से खड़ा है।


