Tata Sons Listing पर Noel Tata की आपत्ति, Stock Market में ग्रुप शेयरों को लगा बड़ा झटका

Tata Sons Listing पर Noel Tata की आपत्ति, Stock Market में ग्रुप शेयरों को लगा बड़ा झटका
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन टाटा समूह से जुड़ी एक बड़ी खबर ने बाजार का ध्यान अपनी ओर खींचा। टाटा ट्रस्ट्स के अध्यक्ष नोएल टाटा द्वारा टाटा संस की संभावित सूचीबद्धता को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक के समक्ष चिंता जताने की खबर सामने आने के बाद समूह की कुछ प्रमुख कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
कारोबार के दौरान टाटा केमिकल्स के शेयरों में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली और यह 734 रुपये के आसपास बंद हुए। वहीं टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के शेयर भी करीब तीन प्रतिशत टूटकर 671.75 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि टाटा संस की भविष्य की संरचना को लेकर बढ़ती अनिश्चितता का असर निवेशकों की विचार पर पड़ा है।
मौजूद जानकारी के अनुसार एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नोएल टाटा ने भारतीय रिजर्व बैंक को पत्र लिखकर टाटा संस की संभावित सूचीबद्धता को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं। हालांकि इस रिपोर्ट की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि टाटा ट्रस्ट्स का मानना है कि टाटा संस लंबे समय से समूह की विभिन्न कंपनियों और रणनीतिक क्षेत्रों में धैर्यपूर्ण तथा दीर्घकालिक निवेश करने वाली संस्था के रूप में काम करती रही है।
बता दें कि टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में लगभग 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसके कारण समूह की दिशा और रणनीति तय करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। रिपोर्ट के अनुसार नोएल टाटा का मानना है कि यदि टाटा संस सूचीबद्ध होती है तो कंपनी पर तिमाही नतीजों, शेयर बाजार की अपेक्षाओं और सार्वजनिक निवेशकों के दबाव का प्रभाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में अल्पकालिक लाभ कमाने की सोच हावी हो सकती है, जो टाटा ट्रस्ट्स के सामाजिक और परोपकारी उद्देश्यों के अनुरूप नहीं होगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी इस मुद्दे पर अलग-अलग मत सामने आ रहे हैं। एक पक्ष का मानना है कि बदलते नियामकीय माहौल और शेयरधारकों के हितों को देखते हुए सूचीबद्धता भविष्य में अपरिहार्य हो सकती है। वहीं दूसरा पक्ष अब भी टाटा संस को एक निजी और गैर-सूचीबद्ध इकाई के रूप में बनाए रखने के पक्ष में है।
इस पूरे घटनाक्रम में शापूरजी पालोनजी समूह की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शापूरजी पालोनजी समूह लंबे समय से टाटा संस की सूचीबद्धता की मांग करता रहा है। समूह का तर्क है कि सूचीबद्धता से पारदर्शिता बढ़ेगी और सभी शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजन का अवसर मिलेगा।
रिपोर्टों के मुताबिक हाल ही में हुई एक बैठक के बाद नोएल टाटा ने टाटा संस के निदेशक मंडल के समक्ष भी कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। इनमें अगले पांच वर्षों की रणनीतिक योजना, शापूरजी पालोनजी समूह को निकास का विकल्प देने की रूपरेखा और टाटा संस की संभावित सूचीबद्धता पर समूह की स्पष्ट स्थिति जैसे मुद्दे शामिल बताए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि टाटा संस की सूचीबद्धता का विषय केवल एक कारोबारी निर्णय नहीं है, बल्कि यह टाटा समूह की भविष्य की संरचना, नियंत्रण व्यवस्था और सामाजिक विरासत से भी जुड़ा हुआ मामला है। ऐसे में आने वाले समय में इस मुद्दे पर होने वाले फैसलों पर उद्योग जगत और निवेशकों की नजर बनी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *