संभल में पत्नी की बेवफाई से परेशान एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक गुड़गांव में बढ़ई का काम करता था और उसका मानसिक इलाज चल रहा था। पत्नी ने दूसरी शादी करने के बाद पति के मोबाइल पर अपने नए पति के साथ के वीडियो और तस्वीरें भेजी थीं। वह अपनी 11 वर्षीय बेटी को भी अपने साथ ले गई है। यह घटना संभल जनपद की कोतवाली चंदौसी क्षेत्र के मौलागढ़ गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उपेंद्र शर्मा पुत्र हरिशंकर शर्मा के रूप में हुई है। उपेंद्र की शादी जलालाबाद निवासी ममता शर्मा से 15 साल पहले हुई थी। ममता अपने पति से 10 साल बड़ी थीं।
उपेंद्र हरियाणा के गुड़गांव में बढ़ई का काम करते थे और उनका मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। 25 दिन पहले वह दवा लेने चंदौसी आए थे और फिर बरेली गए। इसके 10 दिन बाद उनकी पत्नी ममता अपनी 11 साल की बेटी तमन्ना को बिना बताए घर से चली गईं और एक मंदिर में अपने प्रेमी से शादी कर ली। लगभग आठ दिन पहले, पत्नी ने अपने दूसरे पति के साथ शादी की तस्वीरें और वीडियो उपेंद्र के मोबाइल पर भेजे। इन तस्वीरों और वीडियो को देखने के बाद उपेंद्र बहुत परेशान रहने लगे और उनकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई। उनका 13 वर्षीय बेटा प्रियांशु दादा-दादी के साथ रहता है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात उपेंद्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब उनकी मां ने आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसियों ने आकर देखा। उपेंद्र कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। उनके बड़े बेटे प्रियांशु का रो-रोकर बुरा हाल था। दोपहर लगभग 1 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। गांव पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि परिजनों द्वारा बताए गए सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


