नाथद्वारा में करधर गौ सेवा चिकित्सा सेवा संस्थान की नवीन गौशाला की भूमि पर सोमवार को गौ सेवा ICU वार्ड का शिलान्यास किया गया। ICU वार्ड में बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गोवंश को समय पर हलाज मिल सकेगा। श्रीनाथजी मंदिर के युवाचार्य ने किया शिलान्यास श्रीनाथजी मंदिर के युवाचार्य विशाल बावा एवं गौ वत्सल लाल बावा ने धायला के समीप स्थित गौशाला भूमि पर 4500 स्क्वायर फीट क्षेत्र में बनने वाले गौ सेवा ICU भवन का शिलान्यास किया। इस भवन के बनने के बाद घायल एवं दुर्घटनाग्रस्त गौ माता के उपचार की सुविधाएं बढ़ेंगी और अनाथ गोवंश के लालन-पालन की भी व्यवस्था रहेगी। गौ प्रेमी ने दिया सेवा का संदेश कार्यक्रम के दौरान गौ प्रेमी लाल बावा ने छोटे गोवंश को बोतल से दूध पिलाकर गौ सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर युवाचार्य विशाल बावा ने अपने संबोधन में कहा कि गौ माता की सेवा सृष्टि की सर्वोच्च सेवा मानी गई है। उन्होंने गौ सेवकों से तन, मन और धन से समर्पित भाव के साथ सेवा करने का आह्वान किया। बड़ी संख्या में गौ प्रेमी रहे मौजूद इस कार्यक्रम में मंदिर अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, मुख्य प्रशासक भारत भूषण व्यास, सीईओ जितेंद्र पांडे, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, परेश नागर, मीडिया प्रभारी गिरीश व्यास, कैलाश पालीवाल सहित बड़ी संख्या में गौ प्रेमी उपस्थित रहे।


