एटा में राजकीय मेडिकल कॉलेज एटा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रीलों को लेकर चर्चा में है। कॉलेज परिसर के भीतर महिला स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बनाए गए कई वीडियो और रील विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपलोड किए गए हैं। इन वीडियो में बड़ी संख्या में महिला स्टाफ नर्सें अपनी नर्सिंग यूनिफॉर्म में फिल्मी गानों और ट्रेंडिंग ऑडियो पर रील बनाती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो मेडिकल कॉलेज परिसर के विभिन्न स्थानों पर शूट किए गए हैं। कुछ वीडियो में उनके हाथों में कोल्ड ड्रिंक के कैन और बोतलें भी दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में दिख रहे अधिकांश लोग नर्सिंग यूनिफॉर्म में हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या ये वीडियो कार्य अवधि में बनाए गए या अवकाश के समय। हालांकि, इसकी पुष्टि केवल जांच के बाद ही हो सकती है। ये वीडियो कब के हैं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिख रही गतिविधियां सेवा नियमों और संस्थान की आचार संहिता के अनुरूप थीं या नहीं। मामले पर सी एम एस डॉक्टर सुरेश चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल रील का संज्ञान लिया गया है कड़ी हिदायत दी गई है।


