कानपुर देहात में यूपी सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति और पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास लगातार फैलाई जा रही गंदगी और प्रशासन की कथित उदासीनता के विरोध में यह कदम उठाया। पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी का आरोप है कि अकबरपुर तहसील क्षेत्र के फतेहपुर रोशनाई गांव में लगभग 30 वर्षों से स्थापित अंबेडकर प्रतिमा के पास हाल ही में एक व्यक्ति को जमीन का पट्टा आवंटित किया गया है। इसके बाद से ही वहां लगातार गंदगी फैलाई जा रही है। वारसी के अनुसार, स्थानीय लोग और समर्थक समय-समय पर प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई करते हैं, लेकिन पट्टाधारक व्यक्ति फिर से वहां गंदगी फैला देता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार तहसील और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिकारियों की उदासीनता के कारण उन्हें धरना देना पड़ा। उन्होंने एक दिन पहले जिलाधिकारी को भी मामले से अवगत कराया था, पर कोई जवाब नहीं मिला। धरने पर बैठे पूर्व सांसद ने स्पष्ट किया कि यह सांकेतिक धरना है। यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की और समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पूर्व सांसद के धरने की सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने जमीन पर बैठकर अनिल शुक्ल वारसी की समस्या सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


