मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में मना आम मनोरथ उत्सव:भोग लगने के बाद भगवान को विराजमान कराया गया, लोगों ने जयकारे लगाए

मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में मना आम मनोरथ उत्सव:भोग लगने के बाद भगवान को विराजमान कराया गया, लोगों ने जयकारे लगाए

मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में अधिक मास की पूर्णिमा पर सोमवार को आम बंगला मनोरथ का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर को आमों से सजाया गया। भगवान द्वारकाधीश को आमों का विशेष भोग लगाकर आमों से बने भव्य बंगले में विराजमान किया गया। ठाकुरजी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर पहुंचने लगी। देश के अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। मथुरा-वृंदावन विधायक और पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा भी मंदिर पहुंचे। उन्होंने ठाकुरजी के दर्शन कर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में आमों से की गई आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रही। आमों से बने बंगले में विराजमान ठाकुरजी का मनोहारी स्वरूप देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कई लोगों ने इस अनूठे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। आयोजन के तहत शाम को भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। भजन गायिका रिया बृजवासी ने ब्रज के भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। आयोजनकर्ता सौरभ वर्मा और महेश खंडेलवाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी आम बंगला मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने इसमें शामिल होकर ठाकुरजी के दर्शन किए और ब्रज की धार्मिक परंपरा का आनंद लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *