गोरखपुर में एक युवती से देर रात छेड़खानी और उसपर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती मंदिर से लौट रही थी तभी मदन मोहन मालवीय इंस्टीट्यूट्स ऑफ टेक्नोलॉजी के गेट सामने शोहदे ने उससे पहले बातचीत करने के लिए दबाव बनाया। युवती के मना करने पर भड़क उठा और मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं पीड़ित का फोन भी पटक कर तोड़ दिया। राहगीरों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी शिकायत पुलिस को की गई। कैंट पुलिस आरोपी के तलाश में जुटी है। जानिए पूरा मामला…
जानकारी के मुताबिक देवरिया रोड स्थित MMMUT के पास की कालोनी में रहने वाली युवती रविवार रात करीब आठ बजे एमएमयूटी के पास स्थित मंदिर से दर्शन कर पैदल घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में साहिल नाम के एक युवक ने उसे रोक लिया और बातचीत करने की कोशिश करने लगा। युवती ने विरोध किया और आगे बढ़ने लगी तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंकार सुनते ही आरोपी ने गाली- गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर हो रहे हंगामे को देखकर राहगीर और स्थानीय लोग दौड़ पड़े। युवती का मोबाइल तोड़ा
आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक ने युवती का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। जिससे वह बुरी तरह सहम गई। युवती को बिलखता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए जिसके बाद आरोपी तुरंत फरार हो गया। लोगों ने युवती को शांत कराया और सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पूछने पर युवती ने बताया कि साहिल नाम का युवक उसके स्कूल में पढ़ता था और इसी वजह से उसे जानता था। आरोप है कि वह पुरानी पहचान का फायदा उठाकर लगातार बातचीत करने का दबाव बना रहा था। रविवार की रात मौका पाकर रास्ते में घेरने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस को शिकायत कर दी गई है। कैंट थाना पुलिस शोहदे की तलाश में जुटी है।


