निर्माणाधीन सड़क पर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत:परिजनों ने कहा- गड्ढों के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी, कार्रवाई की मांग

निर्माणाधीन सड़क पर गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की मौत:परिजनों ने कहा- गड्ढों के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी, कार्रवाई की मांग

हापुड़ में पिलखुवा-फगौता मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना कोतवाली क्षेत्र के अचपलगढ़ी गांव के पास हुई। मृतक की पहचान अचपलगढ़ी निवासी विजय (42) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह किसी कार्य से पिलखुवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिद्धिविनायक अस्पताल के निकट सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि निर्माण स्थल पर बने गहरे गड्ढों के आसपास न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार के चेतावनी संकेत लगाए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सिद्धिविनायक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में उन्हें रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भी उनकी मृत्यु की पुष्टि की। विजय अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल बन गया। मामले में क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन मार्गों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *