अयोध्या में किशोर पर हमले के मामले में कार्रवाई:मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार, भेजे गए जेल

अयोध्या में किशोर पर हमले के मामले में कार्रवाई:मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार, भेजे गए जेल

अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और कुमारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। यह घटना कुमारगंज थाना क्षेत्र के पूरे विंध्या उधुई गांव की है। पीड़ित किशोर शिवम पाण्डेय की मां नीलम पाण्डेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि 26 मार्च की शाम उनका बेटा काम से घर लौट रहा था। उधुई मोड़ के पास पुरानी रंजिश के चलते रोहन सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह उर्फ राजू सिंह निवासी बेसिया अंजरौली थाना खंडासा के इशारे पर हिमांशु सिंह और उसके चार अन्य साथी तीन मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। आरोपियों ने शिवम को रोककर जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से मारपीट की। उन्होंने किशोर का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। हमले के दौरान आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि यदि दोबारा रोहन सिंह के खिलाफ शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। गंभीर चोटों के कारण शिवम बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपियों ने शिवम को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। घटना स्थल पर आसपास के लोगों और किशोर के परिचितों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। बाद में परिजनों ने शिवम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। नीलम पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने रोहन सिंह, हिमांशु सिंह समेत चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद कुमारगंज पुलिस और एसओजी की टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहन सिंह, हिमांशु सिंह और सूरज सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *