मेरठ में रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण और सकुशल तरीके से संपन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए 13 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर कुल 6343 अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया था। परीक्षा में 5569 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 774 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकी। परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी केंद्रों पर शासन के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का पालन कराया गया। परीक्षा के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन, केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


