रायसेन जिले के सांची विकासखंड की ग्राम पंचायत सरार के बरजोरपुर गांव में तालाब निर्माण के नाम पर किए जा रहे मुरम उत्खनन के मामले में दीवानगंज चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को मुरम से भरे एक डंपर को जब्त कर चौकी परिसर में खड़ा कराया। पुलिस ने मामले की सूचना खनिज विभाग को दे दी है। खनिज विभाग की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है। सरपंच पर अवैध उत्खनन के आरोप जानकारी के अनुसार, ग्राम सरार के सरपंच नरेश चौधरी पर तालाब निर्माण के नाम पर अवैध रूप से मुरम की खुदाई कर उसे बेचने के आरोप लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से सड़क किनारे लगातार खुदाई की जा रही थी और वहां से मुरम का परिवहन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के कारण करीब 30 फीट गहरी खाई बन गई है। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले इस तरह की गहरी खुदाई क्षेत्र में दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। पोकलेन मशीन पर कार्रवाई को लेकर सवाल दीवानगंज चौकी पुलिस द्वारा डंपर को रोककर कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि अवैध उत्खनन में उपयोग की गई पोकलेन मशीन पर भी विभाग कार्रवाई करेगा या नहीं, इसे लेकर चर्चा बनी हुई है। फिलहाल, खनिज विभाग की जांच और प्रतिवेदन के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।


