संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर अर्टिगा और वैगनआर कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन बच्चों सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यह सड़क हादसा दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई क्षेत्र के गांव फतेहपुर शमसोई के पास गंगा एक्सप्रेस-वे की पुलिया के नीचे सर्विस रोड पर हुआ। अर्टिगा कार दिल्ली से फतेहपुर शमसोई की ओर जा रही थी, जिसमें सात लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से जनपद बदायूं के बिसौली की ओर से आ रही वैगनआर कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। वैगनआर कार बिजली का खंभा तोड़ते हुए सड़क किनारे खंदी में जा गिरी। हादसे में ओम सिंह (60 वर्षीय) पुत्र हंसराज निवासी गांव चाटन, पदम चंद्र (65 वर्षीय) पुत्र देव प्रकाश एवं उनकी पत्नी इंद्रा देवी (65 वर्षीय) निवासी पुराना बाजार कस्बा बहजोई, शाह आलम (35 वर्षीय) पुत्र रफीक एवं अफजल (48 वर्षीय) पुत्र मोहम्मद राजा निवासी गांव फतेहपुर शमसोई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सड़क हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार बच्चों सहित 7-8 लोग घायल हुए हैं। किसी भी पक्ष की ओर से अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


